Saturday, March 7, 2026
Homeखबर स्तम्भप्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर कीव से प्रस्थान...

प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर कीव से प्रस्थान किया

कीव : भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूक्रेन की लगभग सात-आठ घंटे की ऐतिहासिक यात्रा के बाद राजधानी कीव से शुक्रवार रात गन्तव्य के लिए प्रस्थान कर गए। कीव से नई दिल्ली की हवाई दूरी लगभग 4540 किलोमीटर है और उड़ान का समय 6 घंटे 55 मिनट है। यह दौरा इस मायने में खास रहा कि यूक्रेन की आजादी के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली कीव यात्रा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस बात को माना है कि भारत अपना रुख बदल दे तो रूस से जंग खत्म हो सकती है।

प्रधानमत्री मोदी ने कीव से रवानगी से पहले रूस और यूक्रेन को बातचीत की मेज पर आने का प्रस्ताव दिया। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा रूस की यात्रा के ठीक छह हफ्ते बाद हुई है। मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से भी बातचीत के जरिये युद्ध में शांति लाने की अपील की थी। अब माना जा रहा है कि उनकी अपील पर दोनों देश बातचीत की दहलीज तक पहुंच सकते हैं।

भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कल कीव में स्कूल ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में हिन्दी भाषा सीख रहे यूक्रेनी विद्यार्थियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने छात्रों की मेधाविता और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने में उनके योगदान की सराहना की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन सरकार को चार ‘भीष्म (सहयोग, हित और मैत्री के लिए भारत स्वास्थ्य पहल) क्यूब्स’ की सौगात दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मानवीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। ‘भीष्म क्यूब्स’ से घायलों के शीघ्र उपचार में काफी मदद मिलेगी और इसके साथ ही अनमोल जीवन बचाने में काफी योगदान मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular