नई दिल्ली : भारतीय वायु सेना की मेजबानी में पहला बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ बुधवार से दक्षिण भारत के सुलूर में शुरू हो गया है। अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए विदेशी वायु सेनाओं के विमान भारत की धरती पर मंगलवार से ही उतरने लगे थे। जर्मन, स्पेनिश और फ्रांसीसी वायु सेनाओं के विमानों का स्वागत वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह ने खुद एलसीए तेजस में उड़ान भरकर आसमान में किया। जर्मन वायु सेना के प्रमुख खुद विमान उड़ाकर भारत पहुंचे।
भारतीय वायु सेना पहली बार बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ की मेजबानी कर रहा है। अभ्यास में शामिल होने के लिए 51 देशों को आमंत्रित किया गया, जिसमें 12 देशों की वायु सेनाओं ने भारत आने की सहमति दी। दो चरणों में होने वाले अभ्यास का पहला चरण दक्षिण भारत के सुलूर में शुरू हो गया है, जो 14 अगस्त तक चलेगा। इसमें भाग लेने के लिए जर्मनी, फ़्रांस, स्पेन और ब्रिटेन की वायु सेनाएं भारत पहुंच चुकी हैं। उसके बाद दूसरा चरण 29 अगस्त से 14 सितंबर तक पश्चिमी क्षेत्र के जोधपुर में होगा, जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ग्रीस, बांग्लादेश, सिंगापुर, यूएई की वायु सेनाएं शामिल होंगी।
