रांची: भारतीय जनता पार्टी ने उन खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की है जिनमें बताया जा रहा है कि झारखंड में हजारों करोड़ रूपए के घोटाले की जांच कर रहे ईडी के अफसरों को नक्सलियों और गैंगस्टरों की ओर से धमकी दी जा रही है। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता प्रतुलनाथ शाहदेव ने रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईडी के अफसर स्टेट स्पॉन्सर करप्शन की जांच कर रहे हैं। इस जांच को प्रभावित करने के लिए अधिकारियों को फर्जी मामलों में उन्हें फंसा कर डराने और धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत बड़ी साजिश है जिसके तहत प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों और उनके परिजनों को धमकी दी जा रही है। श्री शाहदेव ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि ईडी के अफसरों और उनके परिजनों को टारगेट करने से जुड़े पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।