रांची : अग्निवीर टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट के लिए झारखंड के सभी शॉर्ट लिस्टेड उम्मीदवार और जूनियर कमीशन अधिकारी (धर्म शिक्षक) के लिए खेलागांव के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सेना भर्ती रैली की शुरुआत शनिवार को हुई। सभी श्रेणियों में लगभग 500 युवाओं ने अपना दमखम दिखाया।
रात 12.30 बजे सभी उम्मीदवारों को खेलागांव परिसर में इंट्री दी गयी। इसके बाद सभी उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गयी। सेना के प्रतिनिधियों ने सभी अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के बारे में बताया। इस प्रक्रिया के बाद अलग-अलग बैच बनाये गये। सभी बैच के उम्मीदवारों ने 1.6 किमी दौड़ में हिस्सा लिया।
दौड़ में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी शारीरिक क्षमता का मूल्यांकन किया गया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को बीम, जिग-जैग बैलेंस और नौ फुट खड्डे को पार करना होता है। इस प्रक्रिया के बाद अभ्यर्थियों के शारीरिक मापदंडों का मूल्यांकन और दस्तावेजों की गहनता से जांच की जाती है। मेडिकल टेस्ट में सफल उम्मीदवारों का अंतिम मेरिट लिस्ट के आधार पर सेना में चयन होता है।
