बोकारो : डीपीएस बोकारो के खेल शिक्षक देवेश कुमार ने एक बार फिर टेबल टेनिस में अपनी स्फूर्ति का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। उनका चयन आगामी जनवरी महीने में चंडीगढ़ में होने वाले नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में किया गया है। झारखंड स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में धनबाद में आयोजित 23वें झारखंड स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2023 में वह स्वर्ण पदक झटकने में कामयाब रहे। मेन्स टीम इवेन्ट्स में अपने कुशल खेल की बदौलत उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। प्रतियोगिता की मेंस सिंगल और मेंस डबल्स स्पर्धा में देवेश को एक-एक कांस्य पदक भी प्राप्त हुआ। इसके साथ ही वह चंडीगढ़ में होने वाली राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में चयनित कर लिए गए।
कई बार किया राज्य का प्रतिनिधित्व, नेशनल गेम्स भी खेल चुके
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार ने देवेश को सम्मानित करते हुए बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिता को लेकर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। बता दें कि हाल ही में देवेश ने रांची में आयोजित थर्ड झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसके पूर्व जमशेदपुर में हुए सेकंड झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भी उन्हें ब्रांज मेडल मिला था। झारखंड टीम में शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए देवेश ने कहा कि अब वह नेशनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. गंगवार के मार्गदर्शन व प्रोत्साहन के प्रति आभार जताया है। विदित हो कि 33 वर्षीय देवेश 2011 में हुए नेशनल गेम्स में भी खेल चुके हैं और अब तक 15 से अधिक बार राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है।