शिमला : समर सीजन में पहाड़ों की रानी शिमला में सैलानियों का तांता लगा हुआ है। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। इस वीकएंड पर शिमला में सैलानियों की खूब भीड़ उमड़ी है। यहां का ऐतिहासिक मॉलरोड पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार है। सुबह से ही पर्यटक रिज मैदान और मालरोड पर घूमने निकलने शुरू हो गए हैं।
सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। तपिश से राहत पाने के लिए पर्यटक कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा का भी रुख कर रहे हैं। इससे शहर में जाम की स्थिति बन रही है। पर्यटकों का कहना है कि शिमला का मौसम काफी सुहावना है। ऐसे में घूमने का आनंद आ रहा है। बीते दिनों दिल्ली व चंडीगढ़ सहित अन्य मैदानी राज्यों में बारिश होने के कारण तापमान में हल्की गिरावट आई थी लेकिन पिछले कल से दिन से गर्मी फिर बढ़ना शुरू हो गई है। सैलानी शहर के होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। होटल कारोबारियों के मुताबिक शनिवार तक 80 से 90 फीसदी कमरे बुक हैं।
