कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में सोमवार सुबह करीब नौ बजे एक बड़ी रेल दुर्घटना हुई है। एक मालगाड़ी ने सिग्नल पर खड़ी डाउन कंचनजंगा एक्सप्रेस (13174) को पीछे से टक्कर मार दी। ये ट्रेन सियालदह आ रही थी। हादसे में कंचनजंगा एक्सप्रेस के तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अब तक 8 लोगों के शव बरामद हुए हैं और कम से कम 30 लोगों के घायल होने की खबर है। ये संख्या और बढ़ सकती है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर जोन में हादसा दुखद है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दार्जिलिंग के फांसीदेवा इलाके में एक रेल दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत दुःख हुआ। राहत बचाव काम और लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए डीएम, एसपी, डॉक्टर, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
नॉर्थ फ्रांटियर रेलवे के प्रवक्ता सव्यसाची दे ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि कंचनजंगा एक्सप्रेस सिक्किम के अगरतला से पश्चिम बंगाल के सियालदह जा रही थी। एक्सप्रेस ट्रेन सिलीगुड़ी के फांसीदेवा में रंगापानी स्टेशन के पास रुइधासा में रेड सिग्नल की वजह से रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रही मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में लोको पायलट की भी मौत की खबर है। आशंका है कि मालगाड़ी के पायलट ने सिग्नल को अनदेखा किया, जिसकी वजह से दुर्घटना हुई।
