Hazaribag : जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हजारीबाग और सिख रेजीमेंट सेंटर, रामगढ़ के रिकॉर्ड ऑफिस के तत्वाधान में आज कार्यालय सभागार में भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं, वीर नारियों और आश्रितों के लिए मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मिलन समारोह की अध्यक्षता विंग कमांडर राजेश कुमार गुप्ता, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी, के द्वारा की गयी।

मिलन समारोह के मुख्य संयोजक सिख रेजीमेंट सेंटर, रिकॉर्ड ऑफिस के कैप्टन करिअप्पा रहे, जिन्होंने उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों एवं परिवारजनों के साथ पेंशन संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं को साझा किया। कैप्टन करिअप्पा ने इसके साथ-साथ भूतपूर्व सैनिकों एवं परिवार जनों को मिलने वाले अन्य लाभों जैसे ग्रुप इंश्योरेंस, काॅम्यूटेशन, डिसेबिलिटी, ओआरओपी बेनिफिट्स इत्यादि पर भी चर्चा की। भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित सर्विस दस्तावेजों में भाग-।। के प्रशासन से संबंधित सावधानियां एवं सामान्य त्रुटियों के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।

समारोह को सीडीए पटना टीम के अकाउंट्स ऑफीसर श्री सुनील कुमार यादव द्वारा भी संबोधित किया गया, जिनका मुख्य उद्देश्य स्पर्श एवं पेंशन संबंधी जानकारियों को साझा करना एवं समस्याओं का फौरी निष्पादन करना रहा।
समारोह में डिफेंस सर्विस पैकेज के तहत सैलरी एवं पेंशन अकाउंट्स के फायदे को आईसीआईसीआई बैंक हजारीबाग शाखा के अकाउंट्स मैनेजर श्री सत्येंद्र प्रजापति तथा रिलेशनशिप मैनेजर श्री बृजेश कुमार द्वारा चर्चा की गई। आइसीआइसीआइ बैंक के टीम द्वारा वेल्थ मैनेजमेंट के विभिन्न प्रारूपों पर भी चर्चा की गई
मिलन समारोह के मुख्य आकर्षण के तौर पर आरोग्यम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, हजारीबाग के सौजन्य से कार्यालय कैंपस में विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में भूतपूर्व सैनिकों एवं सिख रेजीमेंट सेंटर के टीम को बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए देखा गया। कार्यक्रम का समापन प्रांगण में वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ।
