मुंबई : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज शाम को दिल्ली में महाराष्ट्र के गठबंधन नेताओं से बैठक में मुलाकात करेंगे। उन्होंने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कामकाज करते रहने को कहा है। बैठक को देखते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज वर्षा शासकीय निवास पर होने वाली एनडीए नेताओं और नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक को रद्द कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में एनडीए को अपेक्षित सीटें न मिलने की जिम्मेदारी लेते हुए देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। इसी सिलसिले में फडणवीस शुक्रवार को दिल्ली में अमित शाह से मिले। शाह ने उन्हें नई सरकार के शपथग्रहण समारोह तक काम करते रहने का आग्रह किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं और नवनिर्वाचित सांसदों से शनिवार को मिलने का कार्यक्रम तय किया।
