Saturday, September 5, 2026
Homeखबर स्तम्भपानी के टैंक में गिरा मासूम, बहन-मां भी कूदीं, डूबने से तीनों...

पानी के टैंक में गिरा मासूम, बहन-मां भी कूदीं, डूबने से तीनों की हुई मौत

नागौर :  कुचेरा थाना इलाके के गांव खजवाना में बहन के साथ खेलते वक्त ढाई साल का मासूम घर में बने टांके (पानी के टैंक) में गिर गया। उसे बचाने के लिए सात साल की बहन टांके में उतर गई। दोनों बच्चे डूबे तो मां भी टांके में कूद पड़ी। डूबने से तीनों की मौत हो गई।

डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि खजवाना गांव में ट्रक ड्राइवर रिछपाल जाट के घर में शुक्रवार दोपहर यह घटना हुई। घटना के वक्त घर में रिछपाल की पत्नी सुमित्रा (31), 7 साल की बेटी ईशा और ढाई साल का बेटा यश थे। दोपहर में सुमित्रा घर के काम में लगी थी। इस दौरान दोनों बच्चे घर के बाड़े में खेल रहे थे। वहीं पर टांका बना हुआ था, जिसका ढक्कन खुला था। खेलते वक्त भाग-दौड़ में यश टांके में जा गिरा। भाई को बचाने की कोशिश में ईशा भी पानी में गिर गई। आवाज सुनकर सुमित्रा मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को बचाने के लिए वह टांके में कूद गई। डूबने से तीनों की मौत हो गई। रिछपाल की मां सुबह मनरेगा में मजदूरी करने गई थी। वह लौटी तो दरवाजा खुला था। बहू और बच्चों को आवाज लगाई तो किसी की आवाज नहीं आई। मां ने घर में तलाश की तो कोई नहीं मिला। इसके बाद टांके के पास चप्पलें बिखरी देखीं तो शक हुआ। टांके में झांका तो बहू और दोनों बच्चों के शव पड़े थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular