वाराणसी : लोकसभा चुनाव के सातवें और अन्तिम चरण में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जिले में सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह सात बजे मॉकपोल के बाद मतदान शुरू हुआ। वोटिंग के लिए सुबह 06.30 से ही मतदाता अपने बूथों पर पहुंच कर कतारबद्ध होने लगे। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। मतदान को लेकर अति विशिष्ट लोगों में भी उत्साह दिखा।
सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने अपनी पत्नी के साथ प्राइमरी पाठशाला गोलाघाट रामनगर में पूरे उत्साह के साथ मतदान किया। मतदान के बाद सिक्किम के राज्यपाल ने कहा कि यह मेरा अधिकार और कर्तव्य दोनों है। दोनों का निर्वहन कर मुझे खुशी हो रही है। मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
इसी तरह राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल गाजे बाजे के साथ मलदहिया स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज के बूथ पर पहुंचे और मतदान किया। इसी क्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु ने मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज, महापौर अशोक तिवारी ने बूथ संख्या 31 सिंचाई विभाग कालोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने बूथ संख्या 332 प्राथमिक विद्यालय कादीपुर, शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने बूथ संख्या 198 प्राथमिक विद्यालय, शंकुलधारा पोखरा, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कम्पोजिट विद्यालय महमूरगंज, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने बूथ संख्या 185, कंचनपुर रोहनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बूथ संख्या 64 राकेश जूनियर हाईस्कूल निराला नगर, शिवपुरवा में मतदान किया। मतदान को लेकर युवाओं खास कर पहली बार मतदान करने वाले वोटरों में अलग उत्साह दिखा।
