कोलकाता : पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ के पहुंचने के एक दिन बाद सोमवार को भारी तबाही का मंजर दिखा। तूफान के यहां पहुंचने पर बीती रात 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं। इस चक्रवाती तूफान ने बंगाल के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेपुपारा के बीच के तटीय इलाकों पर भारी तबाही मचाई।
रेमल के पहुंचने की प्रक्रिया की शुरुआत रविवार रात साढ़े आठ बजे से शुरू हुई थी। तूफान ने बुनियादी सरंचनाओं और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। रेमल से तटीय इलाकों को हुई क्षति को साफ तौर पर देखा जा सकता है। झोपड़ियों की छत हवा में उड़ गयीं। पेड़ उखड़ गये और बिजली के खंभे गिर गये। इसके चलते कोलकाता सहित राज्य के कई हिस्सों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई।
कई इलाकों से जलभराव से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गयीं हैं। तूफान के कारण भारी बारिश हुई जो सोमवार सुबह भी जारी रही। लोगों के घरों एवं खेतों में पानी भर गया। सुंदरवन के गोसाबा इलाके में मलबे में दबने से एक व्यक्ति घायल हो गया। कोलकाता के बिबी बागान इलाके में लगातार बारिश के कारण एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया।
