Wednesday, March 4, 2026
Homeखबर स्तम्भहिमाचल में आज दो रैलियां कर चुनावी माहौल गरमाएँगे राहुल गांधी

हिमाचल में आज दो रैलियां कर चुनावी माहौल गरमाएँगे राहुल गांधी

शिमला : हिमाचल प्रदेश में वोटिंग को लेकर काउंट डाउन शुरू हो गया है और दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारक मैदान में उतर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों का जवाब देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज यानी 26 मई को हिमाचल में दो रैलियों को सम्बोधित करेंगे। राहुल गांधी की एक रैली उसी स्थान पर होगी जहां दो दिन पहले पीएम मोदी ने रैली की थी।

राहुल गांधी पूर्वान्ह 11 बजे शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत नाहन पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर एक बजे के आसपास राहुल गांधी हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ऊना पहुंचेंगे और कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे।

नाहन और ऊना में राहुल गांधी की रैली को कांग्रेस अहम मान रही है। 24 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाहन के चौगान में रैली को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया था और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस समेत इंडी गठजोड़ पर जमकर निशाना साधा था। पीएम ने इंडी गठजोड़ पर एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण खत्म कर मुसलमानों को देने का आरोप लगाया था। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार को तलाबाज़ सरकार करार देते हुए कहा था कि इस सरकार का कोई भविष्य नहीं है और यह ज्यादा समय तक चलने वाली नहीं है। ऐसे में अब माना जा रहा है कि राहुल गांधी मोदी के आरोपों व सवालों का जवाब दे सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular