कोलकाता : इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2023-24 सीजन का रोमांच चरम पर होगा, जब दो सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान सुपर जायंट और मुम्बई सिटी एफसी खिताबी मुकाबले में आज शाम कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भिड़ेंगे।
15 अप्रैल को इसी मैदान पर ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, जिसे 2-1 से जीतकर मोहन बागान ने मुम्बई सिटी एफसी को पीछे छोड़ते हुए आईएसएल विनर्स खिताब अपने नाम किया था। 2020-21 में, मोहन बागान को आईएसएल फाइनल में मुम्बई सिटी एफसी ने 2-1 से हराया था और तब हबास हारने वाली टीम के साथ थे। हालांकि फुटबॉल में हिसाब चुकता करना आम बात है, लेकिन हबास आगे के बारे में सोचते हैं।
शुक्रवार को मोहन बागान के कोच हबास ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मेरे लिए बदला लेने का कोई सवाल ही नहीं है। फुटबॉल इससे आगे का खेल है। हम एक बहुत अच्छे प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलेंगे। मैं फाइनल को लेकर बहुत खुश और उत्साहित हूं तथा हमें ट्रॉफी जीतने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हमने अलग-अलग जगहों पर फाइनल खेला है लेकिन अपने घर में अपने समर्थकों के सामने फाइनल खेलना खास है।”
